रीवा जिले में बढ़ी झपटमारी की वारदातें, गढ़ थाना क्षेत्र की ताज़ा घटना से फैली सनसनी
गढ़ थाना क्षेत्र में आज सुबह झपटमारी की सनसनीखेज वारदात और जिले में हो रही ऐसी वारदातों को ले कर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सुबह-सुबह जब एक महिला अपने रोज़मर्रा के कार्य पर जा रही थी, तभी बदमाशों ने मौका पाकर झटके से उसका बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुके थे।
पुलिस की तत्काल कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे जिले के थानों को अलर्ट कर दिया है। सभी थाना प्रभारियों को नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही, यह भी कहा गया है कि यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि नज़र आए या झपटमारी से जुड़ी जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम थाने को सूचित किया जाए।
झपटमारी की बढ़ती घटनाएं
रीवा शहर और आसपास के ग्रामीण थानों में पिछले कुछ महीनों से झपटमारी और लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। राह चलती महिलाएं, विशेषकर बाइक पर बैठी या ऑटो से यात्रा कर रही महिलाएं इन बदमाशों का आसान शिकार बन रही हैं। बदमाश अचानक से झटके में बैग या पर्स छीनकर भाग निकलते हैं। पुलिस को आशंका है कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश
उच्च अधिकारियों की ओर से जारी आदेश में थाना प्रभारियों से कहा गया है कि –
ग्राम रक्षा समिति और नगर रक्षा समिति के ग्रुप में संदिग्धों के फोटो तत्काल शेयर किए जाएं।
पूर्व में ऐसे अपराधों में पकड़े गए आरोपियों की तस्दीक की जाए।
मुखबिर तंत्र को सक्रिय करके इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी जाए।
कोई भी ठोस सुराग मिलते ही तुरंत ग्रुप में साझा किया जाए और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए।
नीली पल्सर पर खास नज़र
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि कई घटनाओं में बदमाश नीले रंग की बिना नंबर की 150cc पल्सर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते हैं। इसी कारण पुलिस ने सभी थानों को चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। यदि कहीं इस तरह की गाड़ी दिखाई देती है तो उसके सवारों की तस्वीर लेकर ग्रुप में साझा करने को कहा गया है।
जनता से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी को संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या झपटमारी जैसी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें। पुलिस का मानना है कि जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही इन गिरोहों को बेनकाब कर पकड़ा जा सकता है।
झपटमारी की लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। खासकर महिलाएं अब अकेले सड़क पर निकलने से घबराने लगी हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों को पकड़ने की है।



