अधिकारियों की गैरहाज़िरी से फीका पड़ा जन समस्या निवारण शिविर, विधायक ने थमाए नोटिस
जनपद पंचायत गंगेव में मंगलवार को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर प्रशासनिक लापरवाही के कारण विवादों में घिर गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र प्रजापति ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से किया। लेकिन शुरुआत से ही आमजन की उम्मीदों पर उस समय पानी फिर गया जब कई विभागों के प्रमुख अधिकारी कार्यक्रम से नदारद दिखे।
102 में से 86 शिकायतों का हुआ तत्काल निराकरण
शिविर में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 86 शिकायतों का समाधान मौके पर ही विधायक की मौजूदगी में किया गया। शेष 17 प्रकरण संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजे गए।
राजस्व विभाग पर सबसे अधिक आरोप
कार्यक्रम का केंद्र बिंदु राजस्व विभाग रहा। सबसे गंभीर मामला लालगांव तहसील सिरमौर से जुड़ा था, जिसे आगे बढ़ाते हुए जांच के आदेश दिए गए। वहीं, मौनी बाबा मंदिर की अधिग्रहित भूमि के नामांतरण में हुई अनियमितताओं के आरोप तत्कालीन पटवारी सतीश वर्मा पर लगे। विधायक ने इस पर विधिवत जांच के निर्देश दिए।
नगर परिषद सीएमओ पर गंभीर शिकायत
शिविर में नगर परिषद प्रभारी सीएमओ हेमंत त्रिपाठी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज हुई। विधायक ने स्वयं मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्व-सहायता समूहों में अनियमितता
शिविर में स्व-सहायता समूहों के आवंटन में गड़बड़ी की गूंज भी सुनाई दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मध्यान्ह भोजन प्रभारी राजेश शुक्ला ने जिला पंचायत सीईओ को गुमराह कर आदेश जारी करवाए। यह मामला हिनौती विद्यालय से जुड़ा है। जांच के लिए एसडीएम सिरमौर, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, बीआरसी प्रभारी प्रदीप द्विवेदी व शालाप्रबंधक को संदिग्ध मानते हुए रिपोर्ट तलब की गई है।
बिजली विभाग और फसल नुकसान के मुद्दे
बिजली कटौती व बिलिंग से जुड़ी अनेक शिकायतें भी सामने आईं। शिविर में बताया गया कि 28 जून व 24 जुलाई को आयोजित शिविरों की 89 शिकायतों का निपटारा पहले ही किया जा चुका है।
इसके अलावा, हाल ही में हुई भारी वर्षा से मकानों व फसलों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग से सर्वे कराने के निर्देश विधायक ने दिए।
अधिकारी गैरहाज़िर, विधायक का कड़ा रुख
शिविर में वन विभाग, आजीविका मिशन, खाद्य, सहकारिता, स्वास्थ्य और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर विधायक नरेंद्र प्रजापति ने सभी गैरहाज़िर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रमुख उपस्थितजन
जनपद अध्यक्ष: विकास तिवारी
विधायक प्रतिनिधि: जगजीवन लाल तिवारी, विष्णुदेव कुशवाहा
भाजपा मंडल अध्यक्ष: अरुणेंद्र मिश्रा
पूर्व पार्षद: लवकुश गुप्ता
थाना प्रभारी (मनगवां): गजेंद्र सिंह धाकड़
अन्य भाजपा पदाधिकारी व प्रशासनिक कर्मचारी
शिविर का संचालन डॉ. राजकुमार शर्मा ने किया तथा आभार ज्ञापन जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी ने व्यक्त किया।

