तालाब में डूबे दो छात्र — दोनों की मौत | स्कूल परिसर बना हादसे का केंद्र
शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुडिला, जो तालाब के भीतर स्थित है, वहीं दो छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत | शिक्षकों की लापरवाही पर परिजनों का फूटा गुस्सा
विंध्य वसुंधरा समाचार लाले सोनी रीवा मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज जिले की जनपद पंचायत नईगढ़ी अंतर्गत शासकीय लापरवाही और स्कूल प्रशासन की गैर-जिम्मेदारी के चलते एक बार फिर दो मासूम छात्रों की जान चली गई। जनपद पंचायत नईगढ़ी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुडिला, जो स्वयं तालाब परिसर में बना हुआ है, सोमवार को उस समय मौत का गवाह बन गया जब स्कूल की छुट्टी के बाद दो छात्र उसी तालाब में डूब गए।
मृतक छात्रों की पहचान
1. शिबू जायसवाल, पिता अजय जायसवाल, निवासी बुढ़वा, उम्र 13 वर्ष (कक्षा 7वीं)
2. प्रांशु विश्वकर्मा, पिता ज्ञानेंद्र कुमार विश्वकर्मा, निवासी गढ़वा, लखन खोरिहान उम्र 13 वर्ष (कक्षा 7वीं)
हादसे का विवरण
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना स्कूल की छुट्टी के लगभग आधे घंटे बाद की है। दोनों छात्र विद्यालय परिसर के बगल स्थित उसी तालाब के पास खेलने गए, जिसमें पहले से बारिश का पानी भरा हुआ था। तालाब में फिसलने के बाद दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने तत्परता से 108 एम्बुलेंस और डायल 100 को बुलाया। शवों को तालाब से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शिक्षकों की लापरवाही पर परिजनों का आरोप
मृतक छात्रों के परिजनों का आरोप है कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। परिजनों ने बताया कि छुट्टी के समय शिक्षक पहले ही स्कूल से निकल जाते हैं, और बच्चे बिना किसी निगरानी के घर के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में जब विद्यालय परिसर के भीतर ही खतरनाक तालाब मौजूद है, तो बच्चों की निगरानी और सुरक्षा किसकी जिम्मेदारी है?




