बाइकर्स गैंग का आतंक बरकरार: महिला से दिनदहाड़े बैग छीना, रीवा पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
शहर में अपराधियों का खौफ लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार की शाम बिछिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर से लूट की वारदात ने पुलिस की सक्रियता और दावों की पोल खोल दी। जानकारी के अनुसार रीवा से गोविंदगढ़ जा रहे दंपत्ति के साथ शाम लगभग 7 बजे यह घटना घटी। ऑटो में बैठी महिला का बैग पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर छीन लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए।
बैग में नकदी, मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। अचानक हुई इस वारदात से दंपत्ति के साथ-साथ आसपास के लोग दहशत में आ गए। पीड़ित परिवार ने तत्काल बिछिया थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद भी फिर लूट
यह घटना ऐसे समय हुई है जब चंद दिन पहले ही रीवा पुलिस ने दावा किया था कि उसने सक्रिय बाइकर्स गैंग को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में 26 लूट और छिनैती की वारदातों को स्वीकार किया था। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानते हुए कहा था कि अब आमजन को राहत मिलेगी।
लेकिन इसके अगले ही सप्ताह बिछिया क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा इंतजामों पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि अगर बाइकर्स गैंग का बड़ा हिस्सा पकड़ा जा चुका है, तो फिर यह लूट किसने की? क्या गिरोह की संख्या पुलिस की अपेक्षा से कहीं ज्यादा है, या फिर नए-नए आरोपी इसी रास्ते पर चल पड़े हैं?
जनता में भय और असुरक्षा की भावना
लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। रीवा शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय बाइकर्स गिरोह खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर भाग निकलते हैं और पुलिस के पास केवल मामले दर्ज करने के अलावा और कोई ठोस जवाब नहीं होता।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस केवल गिरफ्तारी की संख्या गिनाने और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने में व्यस्त है, लेकिन जमीनी स्तर पर अपराधियों का नेटवर्क जस का तस बना हुआ है। यही कारण है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे बिना किसी डर के घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
यह घटना पुलिस महकमे के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब यह देखना होगा कि क्या पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए नए बदमाशों तक पहुँच पाती है या नहीं।


