आरबीआई द्वारा ‘वित्तीय समझदारी, सशक्त नारी’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शहीद केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज में छात्राओं को दी गई डिजिटल लेनदेन, बैंकिंग और आर्थिक आत्मनिर्भरता की जानकारी
मऊगंज (विंध्य वसुंधरा समाचार)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के भोपाल कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री एक्सीलेंस शहीद केदारनाथ शासकीय महाविद्यालय, मऊगंज में ‘वित्तीय समझदारी, सशक्त नारी’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर छात्राओं को वित्तीय आत्मनिर्भरता और डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एलडीओ विनय मोरे (RBI, भोपाल) ने छात्राओं को डिजिटल लेनदेन, बैंकिंग सुरक्षा, बचत और निवेश की उपयोगिता समझाते हुए कहा कि "जिस घर की नारी आर्थिक रूप से सशक्त होती है, वही परिवार और समाज को मजबूत आधार देता है।" उन्होंने छात्राओं से अपील की कि घर में नकद रखने की बजाय बैंक खातों में बचत करें, जिससे न केवल धन सुरक्षित रहेगा बल्कि उस पर ब्याज भी प्राप्त होगी। साथ ही उन्होंने एटीएम पिन, पासवर्ड की गोपनीयता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमदत्त पांडे ने की। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि आरबीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के अधिकारी छात्राओं को मार्गदर्शन देने पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से इस जानकारी को व्यवहार में लाने और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में डीडीएम नाबार्ड सरोज कुमार जैना, एलडीएम मऊगंज ज्योत्सना अग्रवाल एवं जिला उद्योग अधिकारी एस.एस. सिंह मौजूद रहे। डीडीएम जैना ने कहा कि महिलाओं की वित्तीय समझदारी ही परिवार की आर्थिक स्थिरता की कुंजी है। वहीं एलडीएम अग्रवाल ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि "आज देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था – राष्ट्रपति पद पर भी एक महिला आसीन हैं, इसलिए बेटियां किसी से कम नहीं।"
कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट काउंसलर संतोष कुमार मिश्रा (आरोह फाउंडेशन) ने प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का परिचय देते हुए महाविद्यालय परिवार को उनके स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ, स्काउट टीम एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।
अंत में संतोष कुमार मिश्रा ने सभी अधिकारियों, प्राचार्य एवं महाविद्यालय परिवार का आभार प्रकट किया और कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी सहभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

