किसानों को खाद नहीं, लाठियाँ क्यों? विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कृषि मंत्री का काफ़िला रोका, जवाब मांगा
प्रदेश में खाद की किल्लत और किसानों पर हो रही ज्यादतियों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सतना विधायक और नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा उर्फ़ डब्बू भैया ने अचानक कृषि मंत्री के काफ़िले को बीच सड़क पर रोक लिया और सरकार से सीधा सवाल किया –
“किसानों को खाद की जगह लाठियाँ क्यों बांटी जा रही हैं?”
किसानों की पीड़ा बनी मुद्दा
विधायक कुशवाहा ने कहा कि प्रदेशभर में किसान खाद के लिए लाइन में घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं। रीवा, सतना, मऊगंज समेत कई जिलों में खाद वितरण केंद्रों पर भगदड़, धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज की घटनाएँ हो चुकी हैं, जिनमें कई किसान घायल भी हुए।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा –
“कृषि मंत्री अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। जब अन्नदाता परेशान है तो सरकार का चुप रहना अपराध से कम नहीं है।”
कांग्रेस का आक्रोश सड़क पर
विधायक कुशवाहा के साथ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रितेश त्रिपाठी, युवा नेता वरुण गुर्जर, महिला कांग्रेस और युवक कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर सरकार विरोधी नारे लगाए और किसानों को तुरंत राहत दिलाने की मांग की।
सरकार पर सीधा हमला
कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की बदहाली पर आंख मूंदे बैठी है।
“किसानों को खाद की थैली चाहिए, पुलिस की लाठी नहीं। सरकार यह स्पष्ट करे कि खाद की नियमित आपूर्ति कब सुनिश्चित होगी?” – विधायक का कहना था।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि अगले कुछ दिनों में किसानों को खाद वितरण की समस्या से राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जवाब मांगेगी।


