मैहर देवी जी क्षेत्र में गुंडों का आतंक चरम पर, पत्रकार पर जानलेवा हमला
शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं रह गए। बीती रात देवी जी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहाँ अज्ञात हमलावरों ने स्थानीय पत्रकार दीपक तिवारी उर्फ सोनू पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनू तिवारी अपनी देवी जी स्थित दुकान से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हनुमान टोला स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुँचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि नितेश गुप्ता, प्रदीप बेलदार, धर्मेंद्र मिश्रा समेत दो अज्ञात आरोपी, जो शराब के नशे में धुत्त थे, ने पत्रकार पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उनका सिर फूट गया और वे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची डायल 112 पुलिस ने घायल पत्रकार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पत्रकार जगत में आक्रोश
इस हमले से पत्रकार समाज में गहरी नाराज़गी है। स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, और उस पर हमला सीधे लोकतंत्र की आवाज़ दबाने की कोशिश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मैहर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, आम जनता का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ते अपराध यह दर्शाते हैं कि गुंडों के हौसले पुलिस-प्रशासन की ढिलाई से और बढ़ रहे हैं।



