तेंदुआ कोठार में करंट हादसा: किसान की दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर
रीवा। दिनांक 17 सितम्बर 2025 की शाम लगभग 6:00 बजे के आसपास तेंदुआ कोठार, थाना गढ़ क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा घटित हुआ। 58 वर्षीय किसान बृजलाल तिवारी पिता विनायक प्रसाद तिवारी की अपने ही निजी गौशाला में करंट लगने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार किसान बृजलाल तिवारी शाम के समय अपनी गौशाला में मवेशियों को चारा पानी दे रहे थे। इस दौरान बारिश के चलते वे पूरी तरह भीग गए थे। अचानक ही गौशाला में मौजूद बिजली के तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना गढ़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम आज (18 सितम्बर) किया जाएगा। फिलहाल शव को मनगवा शव गृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
गांव में जैसे ही इस हादसे की खबर फैली, वातावरण गमगीन हो गया। हर कोई स्तब्ध है कि एक स्वस्थ, मिलनसार और सक्रिय किसान का जीवन यूं अचानक समाप्त हो जाएगा। ग्रामीणों के चेहरे पर अविश्वास और गहरी उदासी स्पष्ट झलक रही है।

