गढ़ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक बरकरार कपड़े की दुकान में टिन शेड खोलकर , नकदी व सामान पार
रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते साल जिस तरह लगातार चोरी और लूट की वारदातों ने लोगों को दहशत में डाला था, उसी कड़ी में एक और बड़ी वारदात सामने आई है। इस बार चोरों ने गढ़ पुराने बस स्टैंड स्थित कपड़े की दुकान को निशाना बनाया और हजारों का सामान व नकदी लेकर फरार हो गए।
दुकान का टिन शेड खोलकर चोरी
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेंड मेन्स वेयर नामक दुकान, जो बस स्टैंड गढ़ में स्थित है, उसके संचालक सूर्यबली सिंह पिता तेजबली सिंह, उम्र 32 वर्ष निवासी गढ़ ने बताया कि 20 सितंबर की दरमियानी रात को अज्ञात चोर दुकान के पीछे से टिन शेड खोलकर अंदर घुस आए। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोर कुछ कपड़े सहित नकदी निकाल ले गए।
उन्होंने बताया कि 6 माह पूर्व भी दुकान में चोरी हुई थी। जिसका आज तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।
सुबह 21 सितंबर को करीब 9:30 बजे जब संचालक ने दुकान खोली, तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। आनन-फानन में इसकी शिकायत लिखित आवेदन के माध्यम से गढ़ थाने में की गई और तत्काल कार्यवाही की मांग उठाई गई।
पुलिस पर सवाल — क्या सिर्फ कागज़ी खानापूर्ति?
गढ़ क्षेत्र में यह कोई पहली वारदात नहीं है। बीते वर्ष भी इसी तरह लगातार चोरी की घटनाएँ सामने आई थीं, जिनमें अधिकांश का आज तक कोई खुलासा नहीं हो पाया। स्थानीय लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह मामला भी पूर्व की घटनाओं की तरह सिर्फ कागज़ों में दर्ज रह जाएगा?
देखना होगा पुलिस की अगली कार्यवाही
फिलहाल चोरी की इस वारदात का खुलासा गढ़ पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि पुलिस अपराधियों तक पहुँच पाती है या यह मामला भी खानापूर्ति कर बंद कर दिया जाएगा।

