ग्राम पंचायत चमढिया में वित्तीय साक्षरता एवं री-केवाईसी शिविर का सफल आयोजन
मऊगंज ग्राम पंचायत चमढिया में वित्तीय साक्षरता सैचुरेशन एवं री-केवाईसी (Re-KYC) कैंप का आयोजन ग्राम पंचायत सचिव अनुसुइया प्रसाद पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में असिस्टेंट काउंसलर, वित्तीय साक्षरता (आरोह फाउंडेशन) संतोष कुमार मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच कुशल सिंह ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में यूनियन बैंक के बीसी ओंकार गौतम शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत कराया और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक में खाता होने, नॉमिनी दर्ज कराने, मोबाइल नंबर लिंक कराने और नियमित लेनदेन बनाए रखने से नागरिक न केवल सुरक्षित रहते हैं बल्कि विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, और अटल पेंशन योजना जैसी योजनाएं गरीब एवं निम्नवर्गीय परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग के खाताधारक मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का दुर्घटना बीमा प्राप्त कर सकते हैं। दुर्घटना में पूर्ण अपंगता की स्थिति में एक लाख रुपये और मृत्यु होने पर नॉमिनी को दो लाख रुपये का भुगतान किया जाता है।
मिश्र ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति बैंक से ऋण लेकर समय पर भुगतान नहीं करता है तो उसकी सिविल रिपोर्ट (क्रेडिट स्कोर) खराब हो जाती है, जिसके कारण भविष्य में वह और उसके परिवारजन किसी भी प्रकार का नया ऋण प्राप्त नहीं कर पाते। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय पर ऋण चुकाने और बैंक लेनदेन नियमित रखने की सलाह दी गई।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर तक गांव-गांव में री-केवाईसी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बहुत से खाताधारकों के खाते वर्षों से निष्क्रिय पड़े हैं क्योंकि उन्होंने 10 वर्ष से कोई लेनदेन नहीं किया है। अब ग्रामीण अपने गांव में आयोजित शिविरों में निशुल्क री-केवाईसी करवा सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
कैंप में यूनियन बैंक के बीसी ओंकार गौतम द्वारा उपस्थित खाताधारकों की मौके पर ही री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई। ग्रामीणों ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच कुशल सिंह ने कहा कि "यह हमारे ग्राम पंचायत के लिए सौभाग्य की बात है कि इतने उपयोगी शिविर का आयोजन हुआ, जिससे सैकड़ों हितग्राही लाभान्वित हुए। इस तरह के प्रयास ग्रामीणों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।"
शिविर में ग्राम पंचायत सचिव अनुसुइया प्रसाद पटेल, रोजगार सहायक शैलेंद्र गौतम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अन्नू देवी साकेत, सरोजवती कुशवाहा, इंद्रवती मिश्रा, सविता मिश्रा, सहायिका श्यामा वर्मा, राजकुमारी कोल, श्यामबती साकेत, आशा कार्यकर्ता रंजना सिंह, वरिष्ठ नागरिक महेंद्र प्रताप सिंह, एवं हितग्राही संगीता देवी, पूनम विश्वकर्मा, रंजना कारपेंटर, गीता साकेत, प्रमिला देवी चतुर्वेदी, उमाकांत चतुर्वेदी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रोजगार सहायक शैलेंद्र गौतम ने उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों की बैंकिंग साक्षरता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

