कटरा विद्युत वितरण केंद्र में ट्रांसफार्मर बदलने में लापरवाही, ग्रामीणों में रोष वार्ड क्रमांक 8 ग्राम डगरडुआ धर्मपुरान के 60 उपभोक्ता महीनों से परेशान
कटरा विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डगरडुआ धर्मपुरान (वार्ड क्रमांक 8) में लगा ट्रांसफार्मर पिछले कई महीनों से जर्जर हालत में पड़ा है, लेकिन विभाग द्वारा इसे बदलने की कोई पहल नहीं की गई। इस ट्रांसफार्मर पर 20 कृषि मोटर पंप और 40 घरेलू उपभोक्ता, कुल 60 कनेक्शन निर्भर हैं।
ग्रामीण बोले– सेवा शुल्क दो, तभी होगा काम
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि कटरा विद्युत वितरण केंद्र में बिना “सेवा शुल्क” दिए कोई भी कार्य आगे नहीं बढ़ता। चर्चा है कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर 10 से 15 हजार रुपये तक unofficial शुल्क की मांग की जाती है। जो ग्रामीण देने में असमर्थ होते हैं, उनके आवेदन को बार-बार किसी न किसी बहाने रोक दिया जाता है।
अगस्त 2025 से लंबित है ट्रांसफार्मर बदलने की मांग
डगरडुआ धर्मपुरान व वार्ड क्रमांक 8 धर्मपुरान टोला क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की शिकायत अगस्त 2025 में की गई थी। पूरी बरसात बीत गई, लेकिन कटरा केंद्र ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया तक शुरू नहीं की।
किसानों का कहना है कि मोटर पंप न चल पाने से फसल सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ता वोल्टेज की भारी समस्या से जूझ रहे हैं।
बिल जमा करने वालों को भी नहीं मिल रही राहत
ग्रामीणों का कहना है कि अगर कुछ उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किया है तो उन्हें चिन्हित कर विभागीय कार्रवाई हो सकती है, लेकिन बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को मूलभूत बिजली सुविधा से वंचित रखना पूरी तरह अनुचित है।
राजनीतिक सिफारिश पर 24 घंटे में बदल जाते हैं ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों ने बताया कि रीवा–मऊगंज जिले में कई स्थानों पर नेताओं के कहने पर 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदले जाते हैं, जबकि कटरा केंद्र के अंतर्गत यह मांग महीनों से लंबित है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधि भी बने मूकदर्शक
किसानों ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर कटरा विद्युत केंद्र तक शिकायत की, लेकिन किसी स्तर पर समस्या नहीं सुनी गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर मतदान किया, लेकिन स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याएँ अनसुनी की जा रही हैं।
किसानों ने कलेक्टर व संभागीय आयुक्त से हस्तक्षेप की अपील की
ग्रामीण व कृषक हितग्राही जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त तथा भाजपा सरकार के वरिष्ठ नेताओं का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग कर रहे हैं कि डगरडुआ धर्मपुरान का ट्रांसफार्मर तुरंत बदला जाए।


