गढ़ बाजार–ओव्हरब्रिज मार्ग की दुर्दशा पर प्रशासन सक्रिय
विंध्य वसुंधरा समाचार की लगातार प्रकाशित ख़बर और विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति के पत्र के बाद कलेक्टर ने मांगी 15 दिन में रिपोर्ट
गढ़ बाजार से प्रथम ओव्हरब्रिज होते हुए द्वितीय ओव्हरब्रिज तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ा डामर और धूल–कीचड़ से आमजन, छात्र-छात्राओं, किसानों और मरीजों का आना-जाना अत्यंत कठिन हो गया था।
इस गंभीर समस्या को विंध्य वसुंधरा समाचार पिछले कई महीनों से प्रमुखता के साथ लगातार प्रकाशित करता आ रहा है। सड़क की बदहाली से जुड़ी रिपोर्टों और जनहित की आवाज़ को बार-बार प्रशासनिक मंचों तक पहुंचाया।
इसी मुद्दे को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा क्षेत्र मनगवां–73 के विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए रीवा कलेक्टर को औपचारिक पत्र लिखकर सड़क के निर्माण/उन्नयन की तात्कालिक मांग की थी।
विधायक के पत्र और विंध्य वसुंधरा समाचार के लगातार प्रकाशित जनहित समाचारों को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर रीवा ने राष्ट्रीय राजमार्ग, रीवा संभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। 26 नवंबर 2025 को जारी आदेश में कहा गया है—
गढ़ बाजार–ओव्हरब्रिज मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर 15 दिन में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
पूरी प्रगति रिपोर्ट शिकायतकर्ता और जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।
शिकायत सतर्कता अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित इस आदेश के बाद क्षेत्र में उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है। वर्षों से बदहाल सड़क की मरम्मत को लेकर जनता में जो निराशा थी, अब प्रशासनिक सक्रियता के बाद आशा में बदल रही है।
स्थानीय नागरिकों ने विंध्य वसुंधरा समाचार और जनप्रतिनिधि की पहल की सराहना करते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

