गढ़ थाना क्षेत्र में अराजकता का बोलबाला, डायल 112 के सामने गढ़ बाजार पर घंटों जाम
फोर व्हीलर खड़ा कर चालक हुआ गायब, आम जनता से लेकर प्रशासन तक परेशान
गढ़ रीवा
गढ़ थाना क्षेत्र में इन दिनों अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि कानून-व्यवस्था पर ही सवाल खड़े होने लगे हैं। ताजा मामला थाना परिसर गढ़ क्षेत्र का है, जहां एक फोर व्हीलर वाहन को सड़क के बीचो-बीच खड़ा कर वाहन चालक मौके से गायब हो गया। इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता को घंटों जाम में फंसकर भुगतना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फोर व्हीलर वाहन क्रमांक MP 17 CB 4525 को डायल 112 वाहन के सामने गढ़ बाजार पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर दिया गया। वाहन खड़ा कर चालक बाजार की ओर चला गया और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पूरा बाजार क्षेत्र जाम की चपेट में आ गया।
आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंसीं
सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनी जब आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंसती नजर आईं। कभी 108 एंबुलेंस तो कभी डायल 112 जैसी जरूरी सेवाएं भी जाम के कारण समय पर निकल नहीं सकीं। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कानून की रक्षा करने वाली एजेंसियां मौजूद हैं, वहीं इस तरह की अराजकता होना बेहद शर्मनाक है।
लापरवाह वाहन चालकों पर नहीं होती सख्ती
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बाजार क्षेत्र में लोग बेखौफ होकर सड़क किनारे और बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं और बेफिक्र होकर अपने काम में लग जाते हैं। उन्हें इस बात का जरा भी एहसास नहीं होता कि उनके इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से सैकड़ों लोग घंटों परेशान होते हैं।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना ने प्रशासन की यातायात व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब थाना और डायल 112 के सामने ही ऐसी अव्यवस्था है, तो अन्य इलाकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।





