ग्राम डागरडुआ-धर्मपुरहान में जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला, किसान परेशान
रीवा जिले की तहसील मनगवा के अंतर्गत ग्राम पंचायत डागरडुआ ग धर्मपुरहान में विद्युत वितरण केंद्र कटरा से जुड़े क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। यहां अगस्त-सितंबर 2025 से लगा ट्रांसफार्मर जलकर खराब पड़ा है, लेकिन अब तक उसका परिवर्तन नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई महीनों से जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग कर रहे हैं, परंतु अब तक किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। उपभोक्ताओं ने नियमित रूप से अपने बिजली बिल भी जमा किए हैं, इसके बावजूद उन्हें बिजली सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
फसलें सूखी, पेयजल संकट गहराया
बिजली आपूर्ति ठप होने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। रबी और अन्य फसलें पानी के अभाव में सूख गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। अब बढ़ती गर्मी के साथ पेयजल संकट भी गहराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने से मोटर पंप नहीं चल पा रहे, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति भी बाधित है।
बिल वसूली पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब ट्रांसफार्मर कई महीनों से जला पड़ा है और बिजली आपूर्ति बंद है, तो इन दिनों का बिजली बिल क्यों भेजा जा रहा है? किसानों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर खराब रहने की अवधि का बिल माफ किया जाए और विभाग नुकसान की भरपाई पर भी विचार करे।
जनप्रतिनिधियों और विभाग से अपील
ग्रामीणों ने समाचार पत्रों के माध्यम से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं विद्युत विभाग का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि मामले की जांच कर शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाया जाए, किसानों को राहत दी जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
