बिजली वितरण केंद्र कटरा की चरमराई बिजली व्यवस्था से जनता त्रस्त, मनमाने बिल और घंटों कटौती से बढ़ा आक्रोश
भीषण गर्मी में बच्चों, वृद्धों और मरीजों का बुरा हाल; जिम्मेदार अधिकारी मौन, विधायक का आश्वासन भी बेअसर
कटरा/रीवा। रीवा जिले के विद्युत वितरण केंद्र कटरा अंतर्गत बिजली व्यवस्था इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं का शिकार नजर आ रही है। क्षेत्र के उपभोक्ताओं का आरोप है कि एक ओर बिजली की लगातार अनियमित आपूर्ति, बार-बार ट्रिपिंग और घंटों कटौती से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर मनमाने ढंग से विद्युत बिल वसूली कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि भीषण गर्मी के इस दौर में आम नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह सवालों के घेरे में है। उपभोक्ताओं को बिल निर्धारण का स्पष्ट आधार नहीं बताया जाता, न ही कोई सक्षम अधिकारी संतोषजनक जानकारी देने को तैयार दिखाई देता है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त खपत के भी अत्यधिक बिल थमा दिए जा रहे हैं, जबकि शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती।
भीषण गर्मी में मरीज, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
क्षेत्र में पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, वृद्धजनों और बीमार मरीजों को उठानी पड़ रही है। घरों में लगे पंखे और कूलर घंटों बंद रहने से लोग रातभर गर्मी में परेशान रहने को मजबूर हैं। ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है, जहां कई बार लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत वितरण कंपनी पूर्व क्षेत्र कटरा के कर्मचारी और अधिकारी मनमानीपूर्ण रवैया अपनाते हुए आम जनता का शोषण कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या बताने पर जिम्मेदार कर्मचारी स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल करते हैं।
जेई से संपर्क पर नहीं मिला संतोषजनक जवाब
इस संबंध में जब कटरा के जेई (जूनियर इंजीनियर) से संपर्क कर बिजली कटौती, अनियमित बिलिंग और उपभोक्ता शिकायतों को लेकर पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो कोई सकारात्मक एवं स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इससे उपभोक्ताओं में और अधिक नाराजगी देखी जा रही है।
विधायक ने दिया था आश्वासन, लेकिन हालात जस के तस
क्षेत्रीय जनता ने इस समस्या को लेकर स्थानीय विधायक तक अपनी शिकायत पहुंचाई। विधायक द्वारा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि आश्वासन के बावजूद जमीनी स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ और समस्या पूर्ववत बनी हुई है।
बड़ा सवाल: आखिर कब सुधरेगी बिजली वितरण केंद्र कटरा की बिजली व्यवस्था?
बिजली वितरण केंद्र कटरा क्षेत्र की जनता अब यह सवाल उठा रही है कि जब लगातार शिकायतों, जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और जनता की परेशानियों के बावजूद स्थिति नहीं सुधर रही, तो आखिर विद्युत व्यवस्था में सुधार कब होगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेंगे या फिर उपभोक्ता इसी तरह मनमानी बिलिंग और अनियमित बिजली आपूर्ति का दंश झेलते रहेंगे?

