Breaking News: रीवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, एक युवक हिरासत में
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देश पर गढ़ पुलिस की घेराबंदी, 25 पेटी से अधिक शराब बरामद; आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
गढ़/रीवा। जिले में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देश पर गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे ने पुलिस टीम के साथ मिलकर कटरा के समीप घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP17CC 8377 को कटरा क्षेत्र के पास रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 25 पेटी से अधिक शराब लोड पाई गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जब्त शराब की मात्रा काफी अधिक बताई जा रही है और इसकी कीमत लाखों रुपये तक आंकी जा सकती है। फिलहाल पुलिस द्वारा शराब की गिनती, ब्रांड सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन के साथ सिद्धार्थ सिंह नामक युवक को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब का परिवहन किस उद्देश्य से किया जा रहा था, इसका गंतव्य क्या था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों और क्षेत्रीय चर्चाओं के अनुसार, जब पुलिस कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान शराब ठेकेदार और आबकारी विभाग के बीच कथित रूप से “कागजी प्रबंधन” किए जाने की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यदि ऐसा पाया जाता है तो यह मामला गंभीर प्रशासनिक लापरवाही अथवा मिलीभगत की ओर संकेत कर सकता है।
पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
गढ़ थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब परिवहन और बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई न केवल एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि जिला पुलिस अब शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ व दस्तावेजों की जांच के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। यदि शराब परिवहन अवैध पाया गया तो संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

